Monday, August 19, 2019

पीएम मोदी और इमरान ख़ान से बात के बाद ट्रंप ने कहा- मुश्किल घड़ी लेकिन अच्छी बातचीत

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से फ़ोन पर बात की.
दोनों प्रधानमंत्रियों से बातचीत में ट्रंप ने कश्मीर पर जारी तनाव को कम करने का आग्रह किया है.
ट्रंप ने मंगलवार तड़के ट्विटर पर लिखा है, ''अपने अच्छे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और सबसे महत्वपूर्ण कश्मीर मुद्दे पर जारी तनाव को कम करने को लेकर बात की. यह मुश्किल घड़ी है लेकिन अच्छी बातचीत हुई."
राष्ट्रपति ट्रंप की प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत को लेकर व्हाइट हाउस के प्रवक्ता होगन गाइडली ने कहा, ''अमरीकी राष्ट्रपति ने कश्मीर पर जारी तनाव को कम करने के लिए कहा है.''
इमरान ख़ान से बात करने से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से बात की थी. पाकिस्तान ने सोमवार को आरोप लगाया था कि भारतीय सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर भारी गोलीबारी की है.
व्हाइट हाउस ने अपने बयान में कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने शांति की अहमियत पर भी दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात की है.
इससे पहले रविवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यू जर्सी में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि पाकिस्तान को अमरीका से मिलने वाली सुरक्षा मदद में 1.3 अरब डॉलर की कटौती के बाद रिश्ते सुधर गए हैं.
ट्रंप ने कहा कि इससे साबित होता है कि आर्थिक सहयोग विदेश नीति का प्रभावी टूल नहीं है. ट्रंप ने ये भी कहा कि 22 जुलाई को वॉशिंगटन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के साथ अच्छी मीटिंग हुई थी. राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल घोषणा की थी कि पाकिस्तान आतंकवादियों के ख़िलाफ़ प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तब तक सुरक्षा मदद बहाल नहीं होगी.
ट्रंप से बातचीत पर भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कई ट्वीट किए हैं. उनमें से एक ट्वीट में बताया गया है कि मोदी ने ट्रंप से जून के आख़िर में ओसाका में हुए जी-20 सम्मेलन का भी ज़िक्र करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत और अमरीका के वित्त मंत्री दोनों देशों के लाभ के लिए जल्द मुलाक़ात करेंगे.
इसी के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने आतंक और हिंसा मुक्त वातावरण के महत्व पर भी बल दिया. उन्होंने कहा कि बिना किसी अपवाद के सीमा पार आतंकवाद से दूर रहना चाहिए.
साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से दोहराया कि वह ग़रीबी, अशिक्षा और बीमारियों से लड़ाई के मार्ग पर चलने वाले हर किसी को सहयोग देने को तैयार हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति के साथ मोदी ने अफ़ग़ानिस्तान की स्वतंत्रता के 100 साल का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र अफ़ग़ानिस्तान को लोकतांत्रिक, सुरक्षित और संगठित रखने के काम में भारत की अटूट प्रतिबद्धता रही है.
इसके साथ ही उन्होंने डोनल्ड ट्रंप की उनसे नियमित संपर्क में रहने की सराहना की.
भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि अर्थव्यवस्था में जारी मंदी बहुत चिंताजनक है और सरकार को ऊर्जा क्षेत्र और ग़ैर बैंकिंग वित्तीय क्षेत्रों की समस्याओं को तुरंत हल करना होगा.
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में निवेश को बढ़ाने के लिए नए सुधारों की शुरुआत करनी होगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में रघुराम राजन ने कहा कि भारत में जिस तरह जीडीपी की गणना की गई है उस पर फिर से विचार करने की ज़रूरत है.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे को आईएल एंड एफ़एस घपले में ईडी की ओर से नोटिस जारी किए जाने के ख़िलाफ़ पार्टी ने बंद का आह्वान किया है.
एमएनएस नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि बंद पूरी मुंबई में नहीं बुलाया गया है लेकिन पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक राज ठाकरे के समर्थन में ईडी दफ़्तर जाएंगे.
ईडी के नोटिस में कहा गया है कि राज ठाकरे को 22 अगस्त को जांच अधिकारी के सामने पेश होना है.
एमएनएस ने मुंबई के लोगों के लिए एक एडवाइज़री जारी करते हुए कहा है कि 'जब तक बहुत ज़रूरी न हो गुरुवार को घरों से न निकलें.'
संदीप देशपांडे ने कहा कि 'गुरुवार को अगर पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं भड़कती हैं तो इसके लिए पार्टी ज़िम्मेदार नहीं होगी.'
उन्होंने मोदी सरकार के पूर्व आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यम के उस बयान का भी ज़िक्र किया जिसमें उन्होंने जीडीपी को बढ़ा-चढ़ा कर पेश किए जाने की बात कही थी और अपना अनुमान पेश किया था.
साल 2018-19 में विकास दर 6.8 प्रतिशत हो गई थी जो 2014-15 के बाद सबसे कम है. कई निजी विशेषज्ञों और सेंट्रल बैंक का अनुमान है कि इस साल भी विकास दर 7 प्रतिशत के सरकारी अनुमान से कम रहने वाली है.